Samrat Choudhary: गठन के 46 साल बाद बिहार में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री बने तो कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर था। इसमें सुरक्षा को लेकर पुलिस की दखल क्या पड़ी, भाजपा कार्यालय के सामने हंगामा मच गया। पुलिस को ही पीछे हटना पड़ा।
बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण के बाद जहां एक ओर भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल था, वहीं दूसरी ओर अचानक हंगामा भी देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ता उत्साह में कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन गेट बंद कर दिए जाने से उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया।
विज्ञापन
इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। कई कार्यकर्ता गेट पर ही जमीन पर लेट गए और अंदर जाने की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ कार्यकर्ताओं को जबरन उठाकर गाड़ियों में बैठाने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के कुछ अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस का विरोध करने लगे। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस को पीछे हटना पड़ा और हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए भाजपा कार्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा।