बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने आज मुख्य सचिवालय के सभा कक्ष, पुराना सचिवालय, पटना में 'ई-ऑफिस यूजर मैनुअल' का औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, बीपार्ड की अपर महानिदेशक डॉ. सफीना ए.एन., सामान्य प्रशासन विभाग की सचिव श्रीमती रचना पाटिल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस यूजर मैनुअल का प्रकाशन राज्य में प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, त्वरित और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
पढ़ें: गंगा में थर्मोकोल नाव से शरारत कर रहे थे युवक, बीच धारा में डूबने लगे; SSB जवानों ने सभी को बचाया
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार पारदर्शिता और त्वरित प्रशासनिक व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास कर रही है। 'ई-ऑफिस' प्रणाली इसी दिशा में एक प्रभावी कदम है, जिससे फाइलों का निपटारा तेज गति से और पारदर्शिता के साथ संभव हो सकेगा। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से राज्य सरकार की सुशासन की प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही, यह सभी विभागों में कार्यकुशलता और जवाबदेही को भी बढ़ावा देगी। बिहार सरकार निरंतर प्रशासनिक सुधारों और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए संकल्पबद्ध है। ‘ई-ऑफिस’ प्रणाली राज्य में सुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।