बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि एनडीए की जीत पैसों के सहारे हुई है, महिलाओं ने उन्हें वोट दिया जबकि युवाओं ने विपक्ष का साथ दिया। उन्होंने सरकार से वादे पूरा करने की अपील की और महागठबंधन की हार पर आत्ममंथन की बात भी कही।
बिहार विधानसभा के नतीजे सामने आने के बात जहां एक ओर एनडीए में खुशी की लहर है। तो वही, महागठबंधन के खेमें में गहरी निराशा है। आत्ममंथन का दौर चल रहा है। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए एनडीए पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में या तो जीत होती है या हार। महागठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। एनडीए विजयी हुआ, मैं उन्हें बधाई देता हूं। लेकिन उन्हें जनता का जनादेश नहीं मिला है। वे पैसे के दम पर जीते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने खुलेआम महिलाओं को पैसे दिए और महिलाओं ने उन्हें वोट दिया। युवाओं ने हमारा साथ दिया, लेकिन महिलाओं की बड़ी आबादी ने NDA को वोट कर दिया। साथ ही कहा कि 10,000 में क्या मिलता है? 10,000 में बिहार सरकार मिलती है।
'लोकतंत्र की लड़ाई जारी रखेंगे'
सहनी ने आगे कहा कि वे लोकतंत्र की लड़ाई जारी रखेंगे। अब सरकार को जीविका दीदी से किए गए वादे पूरे करने चाहिए। यह सबका नुकसान है, ठीक वैसे ही जैसे जीत होती तो वह सबकी जीत होती।
'लालू परिवार का विवाद पारिवारिक मामला'
वहीं, लालू प्रसाद यादव के परिवार में चल रही खींचतान पर उन्होंने कहा कि यह उनका पारिवारिक मामला है। अक्सर हार की जिम्मेदारी किसी एक पर डाल दी जाती है, जो सही नहीं है। हमें अपनी गलतियों से सीखना होगा।