बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिस्कूरवा गांव निवासी 60 वर्षीय भोलू मांझी के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित भोलू मांझी ने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद थे, तभी दो व्यक्ति उनके पास आए और किसी रिश्तेदार के आने की बात कहकर उन्हें घर से बाहर बुलाया।
रिश्तेदार से मिलने के बहाने भोलू मांझी गांव से थोड़ी दूर आगे बढ़े, जहां दोनों व्यक्तियों ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया और गांव से बाहर ले गए। इसके बाद वहां पहले से मौजूद एक चारपहिया वाहन में बैठे चार अन्य लोगों ने जबरन उन्हें गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की, आंखों पर पट्टी बांधी और उन्हें एक सुनसान स्थान पर ले गए।
पढ़ें: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खड़गपुर झील में नौका विहार किया शुभारंभ, पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
वहां उनके हाथ-पैर बांधकर दोबारा मारपीट की गई और उनकी बेटी को फोन कर फिरौती की मांग की गई। बेटी द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर उनके दामाद ने दो लाख दो हजार रुपये की व्यवस्था कर अपहरणकर्ताओं को दिए, जिसके बाद भोलू मांझी को छोड़ दिया गया। आरोपी उन्हें गांव से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। इसके बाद रविवार को भोलू मांझी बेलछी थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। बाद में वह अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे।
वहीं बेलछी थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित द्वारा मौखिक रूप से सूचना दी गई है, लेकिन अब तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। पीड़ित ने थाना आकर आवेदन देने की बात कही है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।