बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य में 18.67 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फायर टेस्टिंग एंड ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना को मंजूरी दी गई है। यह सेंटर राज्य के युवाओं को अग्नि सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन सेवाओं में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने अग्नि सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फायर टेस्टिंग, ट्रेनिंग एंड रिसर्च लेबोरेट्री स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह सेंटर आईआईटी पटना के परिसर में स्थापित किया जाएगा, जिससे अग्नि सुरक्षा के क्षेत्र में अनुसंधान, प्रशिक्षण और परीक्षण को नई दिशा मिलेगी।
पढ़ें: प्रदेश में चलेगा सघन वाहन जांच अभियान, मुख्य सचिव बोले- सभी जिलों में तैयार होगा विशेष एक्शन प्लान
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत भवन निर्माण, अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद तथा बुनियादी ढांचे के विकास पर 17.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 1.31 करोड़ रुपये की राशि केंद्र के संचालन और रखरखाव के लिए निर्धारित की गई है, जो अगले पांच वर्षों तक प्रतिवर्ष खर्च की जाएगी। इस राशि का उपयोग मानव संसाधन, तकनीकी स्टाफ और प्रशासनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार राज्य में अग्निशमन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। यह सेंटर न केवल प्रशिक्षण का हब बनेगा, बल्कि अग्नि सुरक्षा के क्षेत्र में बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दिलाएगा।