कैमूर जिले के भगवानपुर (रामगढ़ पंचायत) में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। रामगढ़ पंचायत से मुंडेश्वरी रोड का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
कैमूर जिले भगवानपुर (रामगढ़ पंचायत) में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने क्षेत्र के जनजीवन को काफी प्रभावित कर दिया है। रामगढ़ पंचायत से मुंडेश्वरी रोड तक का मुख्य मार्ग पूरी तरह से जलमग्न हो गया है, जिससे सड़क पर पानी बहने लगा और प्रशासन ने खतरे की आशंका को देखते हुए इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
विज्ञापन
स्थानीय निवासी शीतल प्रसाद ने बताया कि बारिश का पानी सड़क पर ऊपर से बह रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। लोग अब रामगढ़ पंचायत से उमापुर के वैकल्पिक रास्ते से होकर मुंडेश्वरी और भभुआ भगवानपुर की ओर जा रहे हैं।
बारिश कल रात से शुरू होकर आज दिन भर रुक-रुक कर होती रही, और रात में तेज बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। कई जगहों पर पानी जमा होने से दृश्य बाढ़ जैसा नजर आ रहा है। जहां एक ओर कुछ किसानों की फसलें बारिश के कारण नष्ट हो गई हैं, वहीं दूसरी ओर अधिकांश किसानों के लिए यह बारिश लाभकारी भी साबित हुई है, क्योंकि खेतों में नमी बढ़ने से आगामी रबी फसलों की बुआई में मदद मिलेगी। प्रशासन की ओर से अभी तक रास्ता बहाल करने को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिली है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क पर पानी की निकासी और आवागमन बहाल करने की मांग कर रहे हैं।