फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bankipur Vidhan Sabha: भाजपा प्रत्याशी के पास न घर, न गाड़ी; जानिए कहां तक पढ़े-लिखे हैं, संपत्ति कितनी है?

Tue, 14 Jul 2026 07:47 AM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया खत्म हो गई है। सभी प्रत्याशियों ने अपना हलफनामा भी दाखिल कर दिया है। सबसे अमीर जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर के सामने चुनाव मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पास न तो अपना घर है और न अपनी गाड़ी। आइये जानते हैं पूरी बात...
विज्ञापन
नीरज कुमार सिन्हा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार ने नामांकन के साथ दाखिल अपने चुनावी हलफनामे में आय, संपत्ति और शैक्षणिक योग्यता का पूरा ब्योरा दिया है। हलफनामे के अनुसार नीरज कुमार के पास न तो अपना घर है और न ही कोई वाहन। उनकी कुल संपत्ति 20 लाख 28 हजार 554 रुपये है। कृषि और व्यापार उनकी आय का प्रमुख स्रोत है।

विज्ञापन


12.28 लाख की चल और आठ लाख की अचल संपत्ति
हलफनामे में नीरज कुमार सिन्हा ने अपने पास 12 लाख 28 हजार 554 रुपये की चल संपत्ति और आठ लाख रुपये की अचल संपत्ति बताई है। उनके ऊपर किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान का कोई कर्ज नहीं है। नकद के रूप में उनके पास 70 हजार रुपये हैं। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मीठापुर शाखा में 8 लाख 99 हजार रुपये तथा यूको बैंक में 25 हजार रुपये जमा हैं। नीरज कुमार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 6.71 लाख रुपये, 2025-26 में 4.97 लाख रुपये तथा 2024-25 में 4.89 लाख रुपये की आय घोषित की है। वर्ष 2023-24 और 2022-23 के लिए उन्होंने आयकर रिटर्न दाखिल नहीं होने की जानकारी दी है।

सोने-चांदी के आभूषण और 10 डिसमिल कृषि भूमि
हलफनामे के अनुसार नीरज कुमार के पास 1 लाख 32 हजार रुपये मूल्य की सोने की चेन, 4 ग्राम सोने की अंगूठी और 200 ग्राम चांदी है। अचल संपत्ति के रूप में उनके नाम 10 डिसमिल कृषि भूमि दर्ज है। इन्हीं संपत्तियों को मिलाकर उनकी कुल संपत्ति 20.28 लाख रुपये आंकी गई है।
विज्ञापन


10वीं पास, मगध विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट
नीरज कुमार ने अपनी शैक्षणिक योग्यता में बताया है कि उन्होंने 2012 में हाई स्कूल गोना से मैट्रिक (बिहार बोर्ड) उत्तीर्ण की थी। इसके बाद 2024 में मगध महाविद्यालय, सकुराबाद, जहानाबाद से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री हासिल की। हलफनामे में उन्होंने यह भी घोषित किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

अभिषेक बंटी की जगह मिला टिकट
भाजपा ने बांकीपुर उपचुनाव में नीरज कुमार को अभिषेक बंटी की जगह उम्मीदवार बनाया है। अभिषेक बंटी का टिकट नामांकन दाखिल करने के बाद वापस ले लिया गया था। उनके हलफनामे के अनुसार अभिषेक बंटी के पास 19 लाख 60 हजार 216 रुपये की संपत्ति थी, जबकि उनकी पत्नी अमृता कृष्ण के नाम 9 लाख 92 हजार 476 रुपये की संपत्ति दर्ज थी। अभिषेक पर 10 लाख रुपये का कर्ज भी था। दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक बंटी और नीरज कुमार, दोनों ने अपने-अपने हलफनामे में 70-70 हजार रुपये नकद होने की जानकारी दी है।
Prashant Kishor: बांकीपुर उपचुनाव में सबसे अमीर प्रत्याशी प्रशांत किशोर; PK और पत्नी की कुल संपत्ति 198 करोड़
विज्ञापन


प्रशांत किशोर ने अपने हलफनामे में क्या बताया?
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने नामांकन के साथ दाखिल अपने चुनावी हलफनामे में करोड़ों की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है। हलफनामे के अनुसार, 49 साल के प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के पास कुल मिलाकर 111 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। प्रशांत किशोर के पास लगभग 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 89.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति दर्ज है। इसके अलावा प्रशांत किशोर के नाम रोहतास जिले के शिवसागर स्थित श्रीराम अल्ट्रा मॉडर्न राइस मिल की भूमि है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 9.75 करोड़ रुपये बताई गई है। प्रशांत किशोर पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। किसी भी मामले में चार्ज फ्रेम नहीं हुआ है। प्रशांत किशोर के खिलाफ दर्ज मामलों में गांधी मैदान थाना, सचिवालय थाना, पीरबहोर थाना, सहरसा सदर थाना के अलावा पटना, बेतिया और पश्चिम मुजफ्फरपुर की अदालतों में दर्ज शिकायत मामले शामिल हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें