Bihar News: शब्बीर अली ने स्पष्ट कहा कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर आकर उनकी समस्या नहीं सुनेंगे और जल्द पानी निकासी का ठोस आश्वासन नहीं देंगे, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे।
आरा शहर के वार्ड नंबर 33 वलीगंज मोहल्ले में जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। मोहल्ले की गलियों में कई दिनों से पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी परेशानी से तंग आकर लोगों ने बड़ी चौक से धरहरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बरसात के बाद से अब तक निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। गली मोहल्लों में गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। रोड जाम के दौरान आक्रोशित लोगों ने जगह-जगह टायर जलाकर आगजनी भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं जाम के कारण बड़ी चौक से धरहरा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। शब्बीर अली ने स्पष्ट कहा कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर आकर उनकी समस्या नहीं सुनेंगे और जल्द पानी निकासी का ठोस आश्वासन नहीं देंगे, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे। मौके पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल को तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रखी जा सके।