मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महाराष्ट्र के बारामती जिले में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अजित पवार के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह विमान हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और इस खबर से वे मर्माहत हैं।
अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि अजित पवार एक कर्मठ, अनुभवी एवं कुशल राजनेता थे। महाराष्ट्र की राजनीति में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। वे मृदुभाषी, मिलनसार स्वभाव के थे और जनता के बीच अत्यधिक लोकप्रिय थे। उनके निधन से न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को अपूरणीय क्षति हुई है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा शोक संतप्त परिजनों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी जताया दुख
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक समाचार है। महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में माननीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। यह घटना देश और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। NCP के एक सशक्त नेता के रूप में उन्होंने जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में अमिट योगदान दिया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा इस दुःख की घड़ी में NCP के समस्त नेताओं, समर्थकों, अनुयायियों एवं शोकाकुल परिजनों को धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करें
राजद नेताओं ने जताया दुख
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदानंद सिंह, उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कांति सिंह, जयप्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, सैयद फैसल अली, बिनु यादव, राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो. मनोज कुमार झा, सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, संजय यादव, राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, शिवचंद्र राम, प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद एवं डॉ. उर्मिला ठाकुर ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार सहित अन्य लोगों की विमान हादसे में हुई आकस्मिक मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। राजद परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असह्य पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।