बेलाउर में डूबते हुए भगवान भास्कर को दिया गया अर्घ्य
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भोजपुर जिले के युवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित बेलाउर मौनी बाबा सूर्य मंदिर छठ घाट पर सोमवार की शाम श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में छठ व्रतियों ने डूबते हुए भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। पूरे घाट को आकर्षक फूल-मालाओं, रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट से सुसज्जित किया गया था। वातावरण छठ गीतों की मधुर धुनों से गूंज रहा था।
विशेष निगरानी रखी गई
छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रबंधन समिति की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई। घाट पर मेडिकल टीम, पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और वालंटियर्स की तैनाती की गई थी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूरे परिसर में विशेष निगरानी रखी जा रही थी। वहीं बेलाउर सूर्य मंदिर परिसर में छठ के नहाए-खाए से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। यहां कई व्रती तीन दिन तक ठहरकर पूरे विधि-विधान से पूजा करते हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Election: विकास के मुद्दे पर मैदान में NDA, RJD ने घेरा; पलायन मुक्त बिहार बनाने का जन सुराज का वादा
श्रद्धालु बिहार, झारखंड सहित अन्य राज्यों से भी आए
विशेष धार्मिक मान्यता वाले मौनी बाबा सूर्य मंदिर की खूबसूरती इस मौके पर देखते ही बनती है। यहां आने वाले श्रद्धालु बिहार, झारखंड सहित अन्य राज्यों से भी पहुंचते हैं। माना जाता है कि इस मंदिर में मनोकामना सिक्का का विशेष महत्व है। लोग इसे अपनी इच्छा पूरी होने के लिए लेते हैं और मनोकामना पूरी होने पर लौटाते हैं। सूर्य मंदिर के चारों ओर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी थी। सभी अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि के लिए भगवान भास्कर से प्रार्थना कर रहे थे।
बेलाउर में डूबते हुए भगवान भास्कर को दिया गया अर्घ्य