पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र स्थित गोरैया स्थान इलाके में चार हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने दो युवकों से 10 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल और एक चांदी की सीकरी लूट ली।
पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के गोरैया स्थान इलाके में चार हथियारबंद अपराधियों ने दो युवकों से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर पीड़ितों से 10 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक चांदी की सीकरी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और हुलिया के आधार पर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, भागलपुर जिले के फतेहपुर निवासी चंदन कुमार (पुत्र स्व. कैलाश चौधरी) और नंदन कुमार (पुत्र शगुन चौधरी), जो आपस में चचेरे भाई हैं, अपने बहनोई मनोज कुमार के घर मनेर के जीवराखन टोला-टाटा कॉलोनी पहुंचे थे। दोनों भाई अपने बहनोई के साथ गुजरात के सूरत कमाने जाने वाले थे।
बताया गया कि अहले सुबह वे खेत में शौच के लिए निकले थे, तभी चार नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद दोनों भाइयों ने अपने बहनोई को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार दो अपराधियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।