पटना से भागलपुर, गया और बनारस जाने वालों के लिए स्काइ फिशर ने एयर टैक्सी की शुरूआत की है। स्काइ फिशर एयर टैक्सी ने शुक्रवार को पहली बार पटना एयरपोर्ट से भागलपुर की उड़ान भरी।
नियमित उड़ान से पहले एयर टैक्सी का ट्रायल रन हुआ, जिसमें नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के दो अधिकारी सहित छह लोग शामिल हुए।
स्काइ फिशर के कार्यकारी निदेशक अतुल सिंह ने बताया कि डीजीसीए के दोनों अधिकारियों एमएन शरण व आरपी कश्यप ने उड़ान की तैयारियों का जायजा लिया और उड़ान संतोषप्रद रही।
दोपहर डेढ़ बजे एयर टैक्सी ने पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरी और दोपहर 2.10 बजे भागलपुर पहुंची। दोपहर 3.45 बजे भागलपुर से उड़ान भर कर यह शाम 4.20 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंची।
इस ट्रायल रन में एयर टैक्सी ने पटना से भागलपुर का सफर 40 मिनट में तय किया और वापसी में इसे पटना पहुंचने में 35 मिनटों का समय लगा।
सोमवार से सेवा नियमित होने पर स्काइ फिशर की यह एयर टैक्सी नियमित रूप से पटना से गया, बनारस और भागलपुर शहर के लिए उड़ान भरेगी। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। एयरपोर्ट पर जगह के साथ ही ग्राउंड फोर्स, टेक्नीकल सपोर्ट सब तैयार है।