बिहार के समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर हायाघाट स्टेशन से रविवार को एक हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया। यहां ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी के एक सिपाही ने एक यात्री को महिला बोगी में चढ़ने से मना कर दिया। इस पर यात्री ने ट्रेन खुलते ही सिपाही पर पत्थर से हमला बोल दिया, जिससे सिपाही जख्मी हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद युवक रेलवे लाइन पार कर फरार हो गया। जख्मी सिपाही दीपक कुमार को समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिपाही दीपक समस्तीपुर जीआरपी में तैनात है। वह लखीसराय जिले का रहने वाला है।
जख्मी सिपाही ने बताया कि वह रविवार को दरभंगा से स्पेशल ट्रेन पकड़कर समस्तीपुर आ रहा था। दरभंगा में एक यात्री महिला बोगी में चढ़ने लगा, जिसे उन्होंने रोक दिया। उसके बाद उक्त यात्री पीछे चला गया। उन्होंने बताया कि जब ट्रेन हायाघाट स्टेशन पर रुकी और सिग्नल मिलने के बाद जैसे ही खुली तो उक्त युवक ने पत्थर से सिपाही पर हमला बोल दिया। उस हमले से दीपक का सिर फट गया। ट्रेन खुल चुकी थी, जिससे यात्री आराम से रेलवे लाइन पार कर फरार हो गया। बाद में सिपाही को समस्तीपुर में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जीआरपी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि हायाघाट स्टेशन पर सनकी टाइप युवक ने पत्थर चला दिया था। सिपाही का उपचार किया जा रहा है। मामले को देखा जा रहा है। जरूरत हुई मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।