पार्टी कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हाजीपुर में जुबानी हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने JDU पर पलटवार कर कहा कि कल 15 अगस्त के बाद मुख्यमंत्री क्या अगली बार झंडा फहरा पाएंगे। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 तक झंडा फहराएंगे। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगली बार झंडा नहीं फहराएंगे, उनसे पूछिए।
'नीतीश अगली बार झंडा नहीं फहरा पाएंगे'
दरअसल, जदयू की तरफ से पिछले दिनों एक बयान आया था। उसमें कहा गया था कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास 15 अगस्त के मौके पर लाल किले पर आखिरी बार झंडा फहराएंगे। इसके बाद वे झंडा नहीं फहरा पाएंगे। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री ने पलटवार कर जेडीयू से पूछा है कि क्या खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झंडा अगली बार फहरा पाएंगे, यह बताएं। हमारे प्रधानमंत्री तो 2029 तक झंडा फहराएंगे।
सुरजेवाला के बयान पर किया पलटवार
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के बयान ‘बीजेपी को वोट करने वाले राक्षस हैं’ पर भी पलटवार किया। केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि कहने वाला ही आदमी गलत होगा, उस आदमी का नाम कभी हमने सुना ही नहीं। एनडीए 25 वर्ष का नौजवान है। कांग्रेस डूबती हुई नैया है, उससे क्या बात करनी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अंतरराष्ट्रीय पार्टी है, कांग्रेस बीजेपी के सामने नहीं टिकेगी। पार्लियामेंट में आपने देखा ही होगा। कांग्रेस नेता हैं अधीर रंजन चौधरी और राहुल गांधी, उनके नेचर और सिग्नेचर को आपने देखा ही होगा। पशुपति पारस ने बिहार में लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज राज्य में क्या स्थिति है। जदयू के लोगों को इस पर बयान देना चाहिए। वोटरों की राक्षस से तुलना करना गलत है।
पारस ने महागठबंधन को बता दिया घमंडी गठबंधन
हाजीपुर में केंद्रीय मंत्री पार्टी के कई कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने जेडीयू और कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया। वहीं, पारस ने कहा कि 2029 तक प्रधानमंत्री की कोई वैकेंसी नहीं है। जबकि विपक्षी दल में ‘एक अनार सौ बीमार’ जैसी स्थिति है। हम लोगों ने विपक्षी गठबंधन को ‘घमंडी गठबंधन’ का नाम दिया है।