जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव
- फोटो : ANI
बिहार में चुनावी बिगुल बजते ही भाषणबाजी का दौर शुरू हो गया है। हर पार्टी के नेता एक दूसरे पर निशाना साधने लग गए हैं। इस कड़ी में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसा है। पप्पू यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हैसियत तक की बात कर डाली।
पप्पू यादव ने कहा, अगर नीतीश की हैसियत होती तो अकेले चुनाव लड़ कर दिखाते। इसमें भाजपा सबसे बड़े शिखंडी का रोल अदा कर रही है। भाजपा ने दूसरों के कंधों पर बंदूक रख कर जीतन राम मांझी को निकलवाया, उपेंद्र कुशवाहा को बेइज्जत किया, अब कांग्रेस को बेइज्जत कर रही है।
वहीं, पप्पू यादव ने नए गठबंधन पीडीए को लेकर कहा कि यह मानवतावादी गठबंधन है। राजनीतिक शास्त्र कम समाज शास्त्र ज्यादा। सबको लेकर चलने वाला, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक।
दरअसल, पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी, चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी, बीएमपी और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) ने मिलकर नए गठबंधन की नींव रखी है। इस गठबंधन को 'प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस' (पीडीए) नाम दिया गया है।
बता दें कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव आयोग ने शुक्रवार को तारीखों का एलान किया था। राज्य में तीन चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण की वोटिंग 28 अक्तूबर, दूसरे चरण की वोटिंग तीन नवंबर और तीसरे चरण के लिए सात नवंबर को मतदान होंगे। वहीं 10 नवंबर को मतगणना होगी। वहीं कोविड-19 के मद्देनजर खास इंतजाम किए गए हैं।