बिहार के पत्रकार भीम सिंह भवेश ने अपने सामाजिक कार्यो से पूरे देश में बिहार का मान बढ़ा दिया है। भोजपुर जिला के रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार सह समाजसेवी डॉ.भीम सिंह भवेश को पद्मश्री पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। आरा के दैनिक अखबार के पत्रकार भीम सिंह भवेश को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है। इससे पहले ही 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में गणमान्य व्यक्ति के रूप में शामिल होने के लिए उन्हें आमंत्रित किया जा चुका है। आज 25 जनवरी को बिहार के दो हस्तियों को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किये जाने की घोषणा की गई है, जिसमें भोजपुर जिला के भीम सिंह भवेश का भी नाम शामिल है।
प्रसार भारती दिल्ली के जरिए भेजा गया है आमंत्रण पत्र
भीम सिंह के नाम का जिक्र खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने मन की बात कार्यक्रम के दौरान कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'मन की बात' के 110 वें एपिसोड में भीम सिंह भवेश की विशेष चर्चा करते हुए कहा कि बिहार के भोजपुर में भीम सिंह भवेश जी ने अपने क्षेत्र के मुसहर जाति के लोगों के लिए बहुत काम किया है। मुसहर एक अत्यंत वंचित समुदाय है। भवेश ने इस समुदाय के बच्चों की शिक्षा पर फोकस किया है।
भीम सिंह भवेश ने प्रधानमंत्री को दिया धन्यवाद
भीम सिंह भवेश से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्हें गणतंत्र दिवस के परेड में शामिल होने के लिए आमंत्रण आया है, जिसमें शामिल होने के लिए हवाई यात्रा के माध्यम से दिल्ली निकल चुके हैं। आज फोन के माध्यम से कई लोगो के द्वारा जानकारी मिली कि पद्मश्री पुरस्कार के लिए मेरे नाम की घोषणा हुई है। उसके बाद शाम में मुझे गृह मंत्रालय के द्वारा जानकारी दी गई कि पदम् श्री पुरस्कार के लिए आपके नाम की घोषणा हुई है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि मेरे तरफ से विशेष आभार व धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को है। उन्होंने मेरे छोटे से प्रयास को इतने बड़े मुकाम तक लाया। मुसहर समाज के लिए हम काम करते थे आगे भी करते रहेंगे। अब असीम ऊर्जा के साथ हम मुसहर समाज के विकाश के लिए कार्य करेंगे। सरकार के द्वारा इतने बड़े पुरस्कार के लिए घोषणा होगी ये नही सोचे थे। जब जानकारी हुई तो हमें विश्वास नही हुआ कि पद्मश्री भी मुझे दिया जा सकता है.