बिहार में शराब पीने पर भले ही पूरी तरह से पाबंदी लगी हुई हो लेकिन बिहार में आसानी से शराब खरीदी जा सकती है और जाम लड़ाए जा सकते हैं।
ऐसा ही नजारा देखने को मिला बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के एक सरकारी दफ्तर में।
यहां दो सरकारी कर्मचारी दफ्तर में शराब पीते रंगे हाथों पकड़े गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को तुरंत निलंबित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी रमण कुमार सोमवार को मोतिहारी अंचल कार्यालय के औचक निरीक्षण पर थे। रमण कुमार मोतीझील से
संबंधित फाइलों को देखने आए थे।
इसी दौरान उन्होंने कमरे में दो कर्मचारियों को शराब पीते पकड़ा। कर्मचारियों की टेबल पर विदेशी शराब की दो बोतलें और खाने का सामान रखा था। कर्मचारी शराब पीते हुए फाइलों का काम निपटा रहे थे।