बिहार में साल 2020 के पहले ही दिन 22 आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन व तबादले किए गए हैं। राज्य के गृह विभाग ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बारे में अधिसूचना जारी की है।
पटना जिले के बाढ़ सब डिवीजन की बहुचर्चित डिप्टी एसपी लिपि सिंह ने गौरव मंगला की जगह वैशाली स्थानांतरित किए गए मुंगेर के एसपी का पदभार संभाला है। आईपीएस अधिकारी लिपि सिंह यूपी कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आरसीपी सिंह की बेटी हैं।
आरसीपी सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी सहयोगी और राज्यसभा में उनके जदयू नेता हैं। उन्होंने विवादास्पद मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर से एक स्वचालित राइफल और हथगोले की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पटना एसएसपी गरिमा मलिक को सीआईडी का डीआईजी बनाया गया है। उनकी जगह वर्तमान में पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के एसपी उपेंद्र शर्मा लेंगे। आईपीएस अमित कुमार को विधि व्यवस्था एडीजी, सुनील खोपड़े को अभियान एडीजी के साथ-साथ आतंकवाद निरोध दस्ता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, आईपीएस पंकज दराद को एडीजी रेलवे बनाया गया है। पटना जिले के दानापुर सब डिविजन के डिप्टी एसपी अशोक मिश्रा को पटना सिटी वेस्ट का नया एसपी बनाया गया है।