मुजफ्फरपुर में हुए नवरुणा हत्याकांड में सीबीआई की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की सीबीआई जज के आवास पर पेशी हुई जिसके बाद पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष शाह आलम शब्बू, विक्कू शुक्ला, ब्रजेश सिंह, राकेश कुमार समेत सभी छह लोगों को न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, नवरुणा हत्याकांड में सीबीआई ने मुजफ्फरपुर के छह लोगों को पूछताछ के लिए पटना स्थित अपने कार्यालय में बुलाया था। पूछताछ के बाद सीबीआई ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। सभी से मुजफ्फरपुर स्थित सीबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय में भी लंबी पूछताछ हुई थी।
उल्लेखनीय है कि सेंट जेवियर्स स्कूल की 7वीं की छात्रा नवरुणा को 18 सितंबर 2012 की अगवा कर लिया गया था। उसका अपहरण मुजफ्फरपुर के जवाहरलाल रोड स्थित उसके कमरे से किया गया था। माना जा रहा है कि उसी रात उसकी हत्या कर दी गई थी। इसके पहले उसे काफी प्रताड़ित किया गया था।