नालंदा के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के बड़की धावा गांव में 20 वर्षीय नीतू कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष आत्महत्या की बात कह रहा है।
नीतू कुमारी, मोहित पासवान की पत्नी थी और एक साल के बच्चे की मां थी। शुक्रवार की शाम को नीतू की मौत की खबर उसके मायके पहुंची। मायके वालों का आरोप है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो नीतू का शव बेड पर पड़ा हुआ था, जो आत्महत्या की कहानी से मेल नहीं खाता है। उनका कहना है कि नीतू की गला घोंटकर हत्या की गई है और बाद में आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
ससुराल पक्ष का दावा
ससुराल पक्ष का दावा है कि नीतू पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम को पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद, जब पति घर से बाहर गए तो नीतू ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।
पुलिस जांच
एकंगरसराय थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।