वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता सरिता प्रकाश की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि लालगंज में एक और नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लालगंज थाना क्षेत्र के युसूफपुर पंचायत के पीड़ापुर गांव में एक नवविवाहिता की हत्या कर शव को गुम करने की सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के घर वाले ससुराल पहुंचे तो वहां घर बंद मिला और सभी सदस्य फरार थे। इसके बाद परिजन ने घटना की सूचना लालगंज पुलिस को दी।
पुलिस के अनुसार पीड़ापुर गांव के निवासी रमेंश राय के बेटे शिवम् कुमार की शादी लगभग एक साल पहले हुई थी और दंपति के एक बच्ची भी है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले नगद पैसे और मोटरसाइकिल की मांग के लिए उनकी बच्ची को प्रताड़ित करते थे। इस संबंध में नवविवाहिता अक्सर अपने माता-पिता को फोन पर परेशानियों की जानकारी देती रहती थी।
19 जनवरी 2026 को अचानक परिवार को फोन आया, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी श्रीलता की हत्या कर शव फेंक दिया गया है। इस सूचना के बाद मायके वाले पीड़ापुर गांव पहुंचे, लेकिन वहां घर बंद मिला और ससुराल के सभी लोग फरार थे।