मिड डे मील खराब निकलने पर विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली में एकता शक्ति फाउंडेशन मिड डे मील द्वारा सरकारी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की थाली में परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवक्ता बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रही है। ताजा मामला वैशाली जिले के महनार प्रखंड स्थित वार्ड-21 मध्य विद्यालय देशराजपुर का है। जहां बच्चों की थाली के भोजन में कीड़े और सड़े हुए अंडे मिले, जिसके बाद विद्यार्थियों का गुस्सा भड़क उठा और जमकर बवाल किया। इस घटना की सूचना पाकर कुछ स्थानीय लोग भी जमा हो गए। घटना बीते शुक्रवार की दोपहर की बताई गई है। वहीं, इस घटना का वीडियो भी बनाकर वायरल किया गया।
जानकारी के मुताबिक, जब बच्चों और ग्रामीणों द्वारा विरोध जताया गया तो आनन-फानन में बीडीओ, बीईओ और महनार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित बच्चों को शांत कराया। हालांकि इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अहिल्या कुमारी और स्कूल प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार झा से पूछे जाने पर खराब अंडे होने की बात को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। बीईओ अहिल्या कुमारी ने बताया कि प्रिंसिपल द्वारा लिखित रूप से आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अहिल्या कुमारी ने बताया कि स्कूल से मुझे किसी तरह की सूचना नहीं मिली थी। एसडीओ साहब द्वारा सूचना मिली तो स्कूल गए। वहां देखा गया कि अंडे और खाने में कीड़े निकलने के आरोप लगाते हुए कुछ स्थानीय और बच्चे स्कूल में हंगामा कर रहे थे। सूचना पर उस स्कूल में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता जांच की तो कुछ अंडे सड़ा हुए मिले थे। बच्चों द्वारा यह भी बताया गया कि खाने में कीड़े निकलते हैं। इसको लेकर प्रिंसिपल से बात कर लिखित आवेदन मांगा गया है। एनजीओ वालों पर कार्रवाई की जाएगी।