घटनास्थल पर छानबीन करने पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिला के लालगंज में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब लूट की घटनाओं को अंजाम देने से पहले भी वे चालाकी से खुद को सभ्य दिखा रहे हैं। ताजा मामला लालगंज बाईपास रोड का है, जहां मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रहे एक बुजुर्ग दंपती को पहले बदमाशों ने प्रणाम किया, फिर गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना का तरीका इतना चौंकाने वाला था कि इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
यह भी पढ़ें- Bihar News:तेज रफ्तार पिकअप ने व्यक्ति को कुचला, मौके पर मौत; सोशल मीडिया से परिजनों को मिली खबर
प्रणाम के बहाने पास आकर कर लिया शिकार
जानकारी के मुताबिक, वैशाली बाईपास रोड के पास रहने वाले उमेश चंद्र शुक्ला अपनी पत्नी प्रभा देवी के साथ सुबह की सैर के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अम्बिका हीरो एजेंसी के पास पहुंचे, उसी समय महाराणा प्रताप चौक की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास आए और उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम किया।
प्रणाम देख प्रभा देवी जैसे ही आशीर्वाद देने के लिए उनकी ओर मुड़ीं, उसी क्षण बदमाशों ने उनकी गर्दन दबाई और गले में पहनी सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वैशाली की ओर फरार हो गए।
मासूम बच्ची बनी गवाह, तुरंत दी परिजनों को सूचना
घटना के वक्त बुजुर्ग दंपती के साथ एक बच्ची भी मौजूद थी, जिसने पूरी घटना देखी। बच्ची ने घर पहुंचते ही परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने लालगंज थाना को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर लालगंज थाना के एसआई मनोज पांडेय तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर जल्द उन्हें पकड़ा जा सके।
यह भी पढ़ें- Bihar News:ग्रामीणों की पत्थरबाजी से दो महिला समेत तीन पुलिसकर्मी घायल; दो Fir के बाद 26 आरोपियों को भेजा जेल
घटना से इलाके में दहशत
इस वारदात ने न केवल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। इलाके में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे आम लोगों का सड़क पर चलना भी असुरक्षित होता जा रहा है। हालांकि पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और घटना का खुलासा होगा। वहीं, लोगों ने भी प्रशासन से क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।