वैशाली के वैशाली थाना क्षेत्र के अर्थौली गांव में एक 21 वर्षीय नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अखिलेश कुमार की पत्नी निधि कुमारी के रूप में हुई है। महज चार महीने पहले ही उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी, लेकिन ससुरालवालों के लालच ने उसकी जिंदगी को खत्म कर दिया।
यह भी पढ़ें- Shivdeep Lande: ‘60 लाख शिक्षित युवा बेरोजगार, बिहार में नहीं हैं अवसर’; हिन्द सेना लड़ेगी 243 सीटों पर चुनाव
घर के पीछे बोरे में मिला शव, ससुराल वाले फरार
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो निधि का शव घर के पीछे बांसवाड़ी में एक बोरे में बंद हालत में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब मायकेवालों को सूचना दी गई और वे ससुराल पहुंचे, तो देखा कि घर पर ताला लगा हुआ है और ससुराल के सभी सदस्य फरार हैं। इससे हत्या की योजना और साजिश की गंभीरता साफ झलकती है।
दहेज में दिए गए थे पांच लाख रुपये और बाइक
मृतका के पिता परशुराम राय लालगंज थाना क्षेत्र के बलुआ बसंत गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 10 जुलाई 2024 को अपनी बेटी की शादी धूमधाम से की थी। शादी के वक्त पांच लाख रुपये नकदी और एक मोटरसाइकिल भी दहेज स्वरूप दिया गया था। इसके बावजूद उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।
दो लाख अतिरिक्त न देने पर दी थी जान से मारने की धमकी
परिवारवालों का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार निधि से मायके से दो लाख रुपये मंगवाने का दबाव बना रहे थे। निधि के भाई ने बताया कि बीते दो महीनों से उसे मारा-पीटा जा रहा था और उसे धमकी दी जा रही थी कि अगर उसने पैसे नहीं मंगवाए तो उसकी जान ले ली जाएगी। दुर्भाग्यवश यही हुआ, पैसे न मिलने पर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई।
यह भी पढ़ें- विश्व नर्स दिवस: फुलमनी ब्राउद के लिए नर्सिंग है सेवा और समर्पण का पर्याय, महामारी में भी नहीं डिगी सेवा-भावना
पुलिस ससुराल वालों की तलाश में जुटी
घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। स्थानीय थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उन्हें कानून के कटघरे में लाया जाएगा।