बिजली कंपनी के कर्मचारी की मौत के बाद हंगामा।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
वैशाली: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के नामानगर में एक सरकारी बिजली कंपनी के कर्मचारी पर पेड़ गिरने से मौत हो गई है। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर बिदुपुर में जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात को बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण एक पेड़ में आग लग गई थी। आग पर स्थानीय लोगों और दमकल की टीम ने काबू पा लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक पेड़ गिर गया।
पेड़ गिरने की इस घटना में भोज खाकर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार बिदुपुर थाना क्षेत्र के नवानगर निवासी रामविलास सिंह के 42 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। हालांकि, पीएमसीएच जाते समय उनकी मौत हो गई।
प्रशांत कुमार की मौत के बाद गुस्साए स्थानीय लोग हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और सड़क पर आगजनी भी की गई। इसके साथ ही प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रखंड विकास पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम को खोलवाने की कोशिश की। इस दौरान लोगों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
बताया गया कि मृतक प्रशांत कुमार बिदुपुर में सरकारी बिजली कंपनी की ओर से मीटर रीडिंग का काम करते थे और बिजली विभाग का बिल वसूलने का काम करते थे। स्थानीय पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है और जाम को समझा-बुझाकर खुलवाया जा रहा है।
बिजली विभाग के कर्मचारियों के मौत के बाद हंगामा
बिजली विभाग के कर्मचारियों के मौत के बाद हंगामा