वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग के चलते दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सहथा गांव निवासी सुनील राय की पत्नी 35 वर्षीय सुनैना देवी और अकबरपुर गांव निवासी 45 वर्षीय मणि भूषण (मवेशी डॉक्टर) ने रविवार की सुबह जहर खा लिया। बताया जा रहा है कि दोनों करीब पांच साल से प्रेम प्रसंग में थे। जहर खाने के बाद दोनों अपने-अपने घर लौटे, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद मणि भूषण को पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, सुनैना देवी की मौत घर पर ही हो गई।
ये भी पढ़ें: बिहार में 2747 पदों पर बंद होने वाली है आवेदन विंडो, मौका न गंवाएं! फटाफट इस लिंक से भर दें फॉर्म
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मृतकों के घरों पर जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मणि भूषण दो पुत्र और एक पुत्री के पिता थे, जबकि सुनैना देवी के भी दो पुत्र और एक पुत्री हैं। सदर एएसपी गोपाल मंडल ने बताया कि भगवानपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जानकारी में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।