सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक टोटो चालक की लाश सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांध रोड निवासी 40 वर्षीय बैद्यनाथ पटेल के रूप में की गई है। परिजनों ने उनकी पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मौके पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश में लोगों ने बवाल भी किया।
परिजनों के अनुसार, बैद्यनाथ पटेल लोन पर टोटो चलाते थे और शनिवार की सुबह घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद रविवार सुबह उनका शव घर से महज 50 मीटर दूर बांध रोड किनारे पड़ा मिला। वहीं पास में उनकी टोटो भी खड़ी थी। परिजनों ने बताया कि मृतक के चेहरे पर चोट के निशान हैं और उनके पास मौजूद रुपए भी गायब हैं।
ये भी पढ़ें: रिमांड होम में बाल कैदी ने किया सुसाइड, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव; पांच दिन पहले आया था
घटना की जानकारी मिलते ही सिकंदरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि फुटेज के आधार पर एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ा और उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए उक्त युवक को हिरासत में ले लिया है।
मामले पर सिटी एसपी कोटा किरण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच मानवीय और तकनीकी दोनों स्तरों पर की जा रही है। जल्द ही घटना के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।