सार
Bihar: पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज के केहुनिया सरेह में एक युवक का अर्धनग्न शव मिला है। वहीं घटना को लेकर पुलिस जांच मे जुटी हुई है। शव के पास एक काला रंग का एयर बैग, एक मोबाइल और शव से 10 गज की दूरी पर उसकी पैंट पुलिस को मिली है।
नरकटियागंज के केहुनिया सरेह में एक युवक का अर्धनग्न शव मिला है। इधर सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई तारकेश्वर प्रसाद ने बताया कि वे लोग दो भाई हैं। मृतक जयप्रकाश उसका छोटा भाई है। 2015 में उसकी शादी महुई गांव निवासी सलोनी से हुई है। उसके दो बच्चे भी हैं। 21 तारीख को दोनों पति-पत्नी केहुनिया गांव के अपने रिश्तेदार अशोक साह के भाई की शादी में आएं थे। उसके बाद गुरुवार को फोन करने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई है और शव लावारिस हालत में पड़ा है।
वहीं केहुनियां गांव के मृतक के रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को अचानक जयप्रकाश अपना बैग पैक कर पत्नी से बोले की घर चलना है। इसपर पत्नी सलोनी ने कहा की गुरुवार को बसुखड़ी है, बसुखड़ी बाद उसी दिन घर चला जाएगा। एक दिन और रूक जाइएं, लेकिन यह नहीं माने और बैग लेकर निकलते वक्त अपनी पत्नी से बोले कि कल तुम आ जाना।
एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मृतक के पूरे शरीर और मुंह में मिट्टी लगा हुआ है। मृतक का पैंट भी शरीर से अलग है और चप्पल भी 10-20 गज की दूरी पर मिला है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर जांच पड़ताल की जा रही। उसके सभी घरवालों से भी पूछताछ की जाएगी। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव केहुनिया सरेह में पड़ा है। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया गया है।