फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: फोन पर मां से बोला-मुझे मारने आए हैं, कुछ देर बाद कमरे में फंदे से मिला युवक का शव, पुलिस की जांच जारी

Tue, 10 Mar 2026 04:29 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के चकबारा बखरी गांव में 18 वर्षीय युवक आशीष कुमार का शव उसके ननिहाल स्थित घर में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
विज्ञापन
पिपरा थाना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मोतिहारी में एक युवक का शव संदिग्ध स्थिति में उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद युवक के परिजनों ने प्रेम प्रसंग में उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


ननिहाल के घर से बरामद हुआ शव

पूरा मामला पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के चकबारा बखरी गांव का है। यहां वैशाली जिले के राजापाकड़ गांव निवासी रूपलाल साह के 18 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार का शव उसके ननिहाल चकबारा बखरी गांव स्थित नाना के घर से बरामद किया गया। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

प्रेम प्रसंग को लेकर हुई थी मारपीट

घटना के संबंध में मृतक के मामा राजन कुमार ने बताया कि आशीष अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। इसी दौरान उसका गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर तीन-चार दिन पहले गांव के कुछ युवकों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी डाल दिया था।
विज्ञापन


घटना से पहले मां को किया था फोन

परिजनों के अनुसार दो दिन पहले आशीष के नाना-नानी इलाज के लिए दिल्ली चले गए थे और वह घर में अकेला रह रहा था। घटना वाली रात करीब 8:30 बजे आशीष ने अपनी वैशाली जिले में रहने वाली मां को फोन कर बताया कि जिन लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, वे फिर से उसके घर पर आए हैं और उसे मारने की कोशिश कर रहे हैं। इसके करीब 10 से 15 मिनट बाद सूचना मिली कि आशीष कमरे में फंदे से लटका हुआ है।

खाना देने पहुंची मामी ने देखा शव

बताया जाता है कि आशीष की चचेरी मामी पास में ही रहती हैं। वह रात में जब खाना देने के लिए घर पहुंचीं तो देखा कि आशीष कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ है। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार आशीष दो भाइयों में बड़ा था और बचपन से ही अपने नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसने हाल ही में इंटर की परीक्षा दी थी और अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहा था। इसी बीच उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। इस मामले में पिपरा थानाध्यक्ष अंजन कुमार ने बताया कि एक युवक का फंदे से लटका हुआ शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें