एएनएम हॉस्टल में विरोध जतातीं छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के सोनपुर स्थित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि मेस में परोसे गए भोजन में कीड़े पाए गए, जिससे उनकी सेहत को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई।
मेस व्यवस्था पर उठे सवाल
छात्राओं ने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र में जीविका दीदियों के माध्यम से उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जिसके लिए निर्धारित शुल्क लिया जाता है। इसके बावजूद दाल और सब्जी में कीड़े मिलने, रोटियों की गुणवत्ता खराब होने और साफ-सफाई की अनदेखी जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। कई बार शिकायत के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
अनुमंडलीय अस्पताल से कार्यालय तक विरोध
भोजन की निम्न गुणवत्ता से आक्रोशित छात्राएं पहले सोनपुर अनुमंडलीय चिकित्सालय पहुंचीं। वहां समझाने के प्रयास के बावजूद वे संतुष्ट नहीं हुईं और नारेबाजी करते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंच गईं। यहां छात्राओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें पौष्टिक आहार की आवश्यकता होती है, लेकिन असुरक्षित और घटिया भोजन के कारण वे बीमार पड़ रही हैं। साफ-सफाई की कमी भी उनकी परेशानी बढ़ा रही है।
पढ़ें- Bihar News: चलती ट्रेन में दिव्यांग यात्री से बदसलूकी, छीना-झपटी के आरोप में किन्नर गिरफ्तार
छात्राओं की बात सुनने के बाद एसडीओ स्निग्धा नेहा ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने मेस के भोजन के सैंपल की जांच कराने का आश्वासन दिया और कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जीविका दीदी का पक्ष
इस मामले में जीविका दीदी ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि अक्सर शुल्क भुगतान के समय इस तरह की शिकायतें सामने आती हैं। हालांकि एसडीओ ने जीविका को भी फटकार लगाई और छात्राओं को सलाह दी कि वे स्वयं एक टीम बनाकर प्रतिदिन भोजन की जांच करें।