फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: परीक्षा देने जा रहे इंटर छात्र की सड़क हादसे में मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

Mon, 09 Feb 2026 09:40 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतामढ़ी

सार

सीतामढ़ी के पुनौरा थाना क्षेत्र में घने कोहरे के बीच पिकअप की टक्कर से इंटरमीडिएट परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस, रोते परिजन को समझाती पुलिस, लोगो की लगी भीड़
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीतामढ़ी जिले के पुनौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन गांव में सोमवार सुबह घने कोहरे के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे एक परीक्षार्थी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा परीक्षार्थी आंशिक रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हादसे में परीक्षार्थी की मौत

विज्ञापन

मृतक की पहचान रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के अथरी गांव निवासी विजयकांत झा के पुत्र मोहित कुमार उर्फ बिट्टू (18) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मोहित अपने मित्र के साथ बाइक से मथुरा हाई स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन आक्रोशित हो उठे। पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर डुमरा–गोशाला पथ को जाम कर दिया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर फरार पिकअप की पहचान करने की मांग की।

भारी पुलिस बल तैनात, जाम हटवाया गया

विज्ञापन

सूचना पर पुनौरा थानाध्यक्ष रमन राज मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए नगर, डुमरा, मेहसौल सहित अन्य थानों से पुलिस बल और पुलिस केंद्र से अतिरिक्त जवान बुलाए गए। काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया। करीब दो घंटे तक इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सीसीटीवी फुटेज से नहीं मिली मदद
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन घने कोहरे के कारण पिकअप वाहन की कोई स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आ सकी, जिससे वाहन और चालक की पहचान नहीं हो पाई।

ये भी पढ़ें- Bihar : बिहार को मछली उत्पादन में नंबर-1 बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने किया मत्स्य विकास भवन का निरीक्षण

ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मधुबन गांव में तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे आम हो गए हैं और इससे पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ गहरा आक्रोश व्याप्त है।

पुनौरा थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार पिकअप वाहन और चालक की पहचान के लिए अपने स्तर से जांच में जुटी हुई है।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस, रोते परिजन को समझाती पुलिस, लोगो की लगी भीड़

 

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस, रोते परिजन को समझाती पुलिस, लोगो की लगी भीड़

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें