सगी बहन का शव बाइक पर ले जाने को मजबूर हुआ बेबस भाई
- फोटो : Amar Ujala
सीतामढ़ी जिले से दहेज प्रताड़ना और नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का एक संवेदनशील मामला सामने आया है। सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मृतका के भाई का शव को मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतका की पहचान मानिकचौक निवासी दिवंगत विनोद नारायण झा की पुत्री मधु कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी 5 दिसंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से घरवारा गांव निवासी चंदन कुमार झा के साथ हुई थी।
दहेज में बुलेट की मांग का आरोप
मृतका की मां आरती देवी और भाई गोपाल कुमार झा का आरोप है कि शादी में करीब 20 लाख रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद शादी के कुछ महीनों बाद से पति बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर मधु को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात मधु की हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका दिया गया।
वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मृतका का भाई शव को मोटरसाइकिल पर ले जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह आरोप लगाता है कि उसकी बहन की हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की जा रही थी और शव ले जाने के लिए गांव में अर्थी तक उपलब्ध नहीं होने दी गई। इस वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
ये भी पढ़ें-
बांकीपुर उपुचनाव में पर्चा दाखिल करने निकले प्रशांत किशोर और नीरज सिन्हा, आज नामांकन का अंतिम दिन
सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह मृतका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घरवारा गांव पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने सीतामढ़ी-बैरगनिया मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर सुप्पी थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
एफआईआर की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के भाई गोपाल कुमार झा ने सुप्पी थाना में लिखित आवेदन देकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। घटना के बाद से आरोपी पति और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।