शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र के बराही वार्ड नंबर-7 में दो डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा विवाद रविवार को दर्दनाक घटना में बदल गया। आरोप है कि विवाद के बाद विपक्षी पक्ष की एक महिला ने तीन वर्षीय बच्ची पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन शिवहर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि बराही निवासी दीनबंधु कुमार का सुरेंद्र राय एवं नंदकिशोर राय के परिवार से करीब दो डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में दीनबंधु कुमार और उनकी पत्नी रिंकी कुमारी ने तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद घर लौटने पर विपक्षी पक्ष की महिला रेणु देवी ने उनकी तीन वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तरियानी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस जमीन विवाद से लेकर बच्ची पर हुए हमले तक सभी पहलुओं की जांच कर रही है।