शिवहर जिले में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब बेखौफ अपराधियों ने सरेआम एक दंपती को चाकू से गोद दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। यह वारदात पिपराही थाना क्षेत्र के एनएच-227 डूबा पुल के नजदीक कोल्हापुल के पास हुई।
ससुराल जा रहे थे होली मनाने
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के रामनगरा वार्ड-7 निवासी 25 वर्षीय अरविंद ठाकुर के रूप में की गई है। वह होली के अवसर पर अपनी पत्नी रीमा देवी, पांच वर्षीय बेटे अनिकेत और चार वर्षीय बेटे आदित्य के साथ मोटरसाइकिल पर ससुराल राजाडीह जा रहे थे। जैसे ही वे डूबा पुल के पास पहुंचे, अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली और अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:नालंदा में हत्या से हड़कंप; पुआ-पकवान खा रहे थे, कट्टा लेकर पहुंचे अपराधी ने अचानक मार दी गोली
जिंदगी के लिए जूझ रही पत्नी
इस हमले में अरविंद ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं, दोनों अबोध बच्चे पूरी घटना के दौरान घटनास्थल पर मौजूद थे, जो सदमे में हैं और लगातार रो रहे हैं।
मासूम बच्चों की आंखों के सामने उजड़ गया परिवार
इस निर्मम घटना का सबसे हृदय विदारक पहलू यह रहा कि दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों ने अपने पिता को मरते और मां को लहूलुहान होते देखा। घटना के बाद दोनों बच्चे डरे-सहमे हालत में रोते-बिलखते रहे। परिजनों और गांव के लोग उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मासूमों का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटनास्थल के पास ही था चेकपोस्ट
स्थानीय लोगों में इस वारदात को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर धनकौल बांध पर पुलिस का चेकपोस्ट है, इसके बावजूद अपराधी दिनदहाड़े हमला कर फरार हो गए। पुलिस की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा साफ देखा जा सकता है।
पोस्टमार्टम हाउस पर जुटी भीड़
घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों और गांव के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजन बदहवास हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे कारण क्या था या हमलावर कौन थे।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime:महज तीन डिसमिल जमीन के लिए किसान की पीट-पीट कर हत्या, गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन पर हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ता जा रहा है। परिजन और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे प्रदर्शन करेंगे और सड़क जाम करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से जांच को आगे बढ़ा रही है।