यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिहार रूट की पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। उधना, मधुबनी, हसनपुर रोड, पटना, दानापुर और वलसाड रूट की ट्रेनें अब तय अवधि तक चलेंगी। अहमदाबाद-पटना स्पेशल का एक अतिरिक्त फेरा भी संचालित किया जाएगा।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पूर्व मध्य रेलवे ने पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा अहमदाबाद-पटना स्पेशल ट्रेन का एक अतिरिक्त फेरा भी चलाया जाएगा।
विज्ञापन
इन ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई
रेलवे के अनुसार, उधना-मधुबनी-उधना स्पेशल (09151/09152) का संचालन अब बढ़ी हुई अवधि तक जारी रहेगा। गाड़ी संख्या 09151 उधना-मधुबनी स्पेशल 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी, जबकि 09152 मधुबनी-उधना स्पेशल 2 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।
इसी तरह उधना-हसनपुर रोड-उधना स्पेशल (09031/09032) का परिचालन भी बढ़ाया गया है। गाड़ी संख्या 09031 अब 26 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार तथा 09032 हसनपुर रोड-उधना स्पेशल 28 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी।
विज्ञापन
रेलवे ने डॉ. अंबेडकर नगर (इंदौर)-पटना-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल (09343/09344) की अवधि भी बढ़ा दी है। गाड़ी संख्या 09343 अब 30 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और 09344 पटना-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी।
वलसाड-दानापुर-वलसाड स्पेशल (09025/09026) का परिचालन भी विस्तारित किया गया है। गाड़ी संख्या 09025 अब 27 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार तथा 09026 दानापुर-वलसाड स्पेशल 28 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी।
इसके अलावा अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद स्पेशल (09447/09448) का एक अतिरिक्त फेरा भी चलाने का निर्णय लिया गया है। गाड़ी संख्या 09447 अहमदाबाद से 1 जुलाई 2026 को पटना के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में 09448 पटना से 3 जुलाई 2026 को अहमदाबाद के लिए चलेगी।