वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरौली के पास अनियंत्रित टेम्पो और कार की टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान पटना जिले के दिघा थाना क्षेत्र के लक्ष्मिनिया गली, वार्ड संख्या-1 निवासी रघु साह के 65 वर्षीय पुत्र विश्वनाथ साह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार विश्वनाथ साह शुक्रवार की सुबह अपने घर से हरौली स्थित बुढ़िया मैया मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकले थे। इसी दौरान हरौली के पास एक अनियंत्रित टेम्पो ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में विश्वनाथ साह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद टेम्पो चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टेम्पो व कार को जब्त कर थाने ले आई। घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को भी दी गई। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए।
पढ़ें; भागलपुर में डिलीवरी बॉय ने फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिख डाली ये बात
मृतक के पुत्र चंदन साह ने बताया कि उनके पिता सुबह करीब छह बजे पूजा के लिए निकले थे। लगभग दो घंटे बाद पुलिस से सूचना मिली कि टेम्पो की टक्कर से उनकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि टेम्पो चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। विश्वनाथ साह के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
क्या कहते हैं थाना अध्यक्ष
सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि अस्तिपुर के पास हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टेम्पो व कार को जब्त किया गया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।