यौन उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन करती महिलाएं और अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर में चिटफंड कंपनी के गुर्गों द्वारा महिला कर्मियों के साथ जघन्य यौन उत्पीड़न और नीट परीक्षा में धांधली के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान न्याय के लिए ऐपवा, आइसा, इनोस के संयुक्त बैनर से सोमवार को जहानाबाद में माले कार्यालय से प्रतिवाद यात्रा निकाली गई, जो स्टेशन परिसर में पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। इस प्रतिवाद मार्च और सभा का नेतृत्व ऐपवा नेत्री रिंकी देवी, प्रमिला देवी, संजू देवी, उषा और शर्मिला देवी तथा नौजवान सभा के मुकेश पासवान, ब्रह्मदेव प्रसाद, विजय यादव और नीतीश कुमार ने किया।
नेताओं ने अपने वक्तव्य में कहा कि जब से केंद्र में भाजपा और बिहार में भाजपा-जदयू की संयुक्त सरकार चल रही है, तब से ही देश और बिहार में अपराध, अत्याचार, व्यभिचार और महिलाओं का यौन उत्पीड़न लगातार जारी है।
प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने कहा कि मुजफ्फरपुर में दो साल पहले बालिका आश्रय गृह में हुए यौन उत्पीड़न और हत्या की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी। इसी बीच मुजफ्फरपुर में 2023-24 में फिर से चिटफंड कंपनी के गुर्गों द्वारा महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आ गई। गौरतलब है कि डीबीआर यूनीक कंपनी जो एक चिटफंड कंपनी है। इसकी दर्जन भर शाखाएं बिहार के साथ-साथ बाहर यूपी-हरियाणा तक फैली हुई हैं। उसमें नौकरी का झांसा देकर लाखों छात्र-छात्राओं को फंसाया गया है।