मुजफ्फरपुर जिले के सदर थानाक्षेत्र के गोबरसही राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 61 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अपनी दादी को मेडिकल कॉलेज से दिखवा कर बाइक से लौट रहा था। अनियंत्रित बाइक गिरने के बाद पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंद दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान प्रमिला देवी (61) के रूप में हुई है, जो सदर थानाक्षेत्र के सद्भावना नगर कच्ची पक्की की निवासी थीं। वह अपने पोते निखिल राज के साथ श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज से इलाज करवा कर घर लौट रही थीं। रास्ते में बाइक का नियंत्रण खो जाने से वे गिर गए। इसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने महिला को रौंद दिया। घटना के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने घटना के खिलाफ विरोध जताया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का आक्रोश पुलिस को भी झेलना पड़ा। हालांकि, पुलिस ने समझा-बुझा कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन चालक घटना के बाद फरार हो गया।
सदर थाना प्रभारी अश्मित कुमार ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना गोबरसही चौक के पास हुई। जहां एक महिला अपनी बाइक पर अपने पोते के साथ जा रही थी। पीछे से आ रहे ट्रक ने महिला को रौंद डाला और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।