बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कुशवाहा समाज ने मोर्चा खोल दिया है। मुजफ्फरपुर के मेडिकल ओवर ब्रिज के पास एक निजी होटल में अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता दिलीप कुशवाहा ने कहा कि कुशवाहा समाज की वर्तमान स्थिति में राजनीतिक भागीदारी को लेकर गंभीर चिंता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर किसी राजनीतिक दल ने समाज को उचित सम्मान और हिस्सेदारी नहीं दी, तो कुशवाहा समाज अपने निर्णय स्वतंत्र रूप से लेने में सक्षम रहेगा।
दिलीप कुशवाहा ने कहा कि समाज के लोग बिहार में दूसरी सबसे बड़ी आबादी होने के बावजूद राजनीतिक दलों द्वारा नजरअंदाज किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस बार भी समाज को उचित सम्मान नहीं मिला तो 2025 विधानसभा चुनाव में समाज अपनी ताकत दिखाने के लिए तैयार है।
ये भी पढ़ें: Bihar Election: लालू-राबड़ी के साथ दिल्ली पहुंचे तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो बोले- सीट बंटवारे पर बातचीत जारी
उन्होंने कहा कि किसी भी दल से पूर्वाग्रह नहीं है, जो भी दल समाज को सम्मान देगा, उसके साथ समाज मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने याद दिलाया कि पहले बिहार सरकार में हमारे समाज के 5-5 मंत्री हुआ करते थे, लेकिन हाल के दिनों में हमारी चर्चा तक नहीं होती। उन्होंने राजनीतिक दलों से मांग की कि कुशवाहा समाज को विधानसभा चुनाव में उचित हिस्सेदारी दी जाए।
इस मौके पर मुख्य रूप से आत्मानंद सिंह, बृजेश कुशवाहा, सुशील कुमार कुशवाहा, नवीन कुशवाहा, चंदन कुशवाहा, प्रिंस कुशवाहा, सन्नी कुशवाहा, प्रभात सिंह, मनोज कुशवाहा, बबलू कुशवाहा समेत दर्जनों कुशवाहा मौजूद थे।