मृतका ज्योति कुमारी (फाइल फोटो), गुस्साए परिजनों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लकड़ीढाई मोहल्ले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से इंटर की 16 वर्षीय छात्रा ज्योति कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा वैशाली जिले के सलेमपुर निवासी मुकेश सहनी की पुत्री थी और ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: सीतामढ़ी में दोहरे हत्याकांड से दहशत, सरेह से बरामद हुई दो युवकों की लाश; जानें मामला
सामान लेने निकली थी घर से, करंट से गई जान
मृतका ज्योति कुमारी सुबह घर से पास की दुकान में सामान लेने निकली थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गई। देखते ही देखते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजनों ने बिजली विभाग को ठहराया जिम्मेदार
हादसे के बाद परिजनों का गुस्सा बिजली विभाग पर फूट पड़ा। परिजनों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण ज्योति की जान गई है। उनका कहना है कि खंभे में लंबे समय से करंट दौड़ रहा था, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभाग ने इसे ठीक नहीं कराया। ग्रामीणों ने भी विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: हड़ताल पर गए अमीनों पर गिरी गाज, चुन-चुन कर हड़ताली अमीन के लॉगिन बंद कर रही बिहार सरकार
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना प्रभारी रमन राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि छात्रा की मौत करंट लगने से हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि परिजनों द्वारा आवेदन देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।