सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों दोस्त
- फोटो : फाइल फोटो
मुजफ्फरपुर में मुजफ्फरपुर-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22) पर एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना फकुली थाना क्षेत्र के फकुली चौक की है, जहां तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क पर गिरे युवकों को ट्रक ने कुचला
जानकारी के मुताबिक, हादसे में मृत युवकों की पहचान धीरज कुमार (27) और कुणाल कुमार (26) के रूप में हुई है। दोनों दोस्त वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के निवासी थे और अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम करने की कोशिश
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने NH-22 को जाम करने की कोशिश की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हालांकि फकुली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए लोगों को शांत कराया।
पुलिस ने लिया शव कब्जे में
फकुली थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस दौरान परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। हादसे की खबर सुनते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। इस पूरे मामले पर ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक सड़क दुर्घटना का मामला है, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच की जा रही है।