मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के सरैया गांव स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में दशहरा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
मुजफ्फरपुर में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि पूजा-पाठ के नाम पर सरकारी स्कूल परिसर में अश्लीलता परोसी जा रही है। वायरल वीडियो में बालिकाओं को अश्लील गानों पर ठुमके लगाते हुए दिखाया गया है। यह मामला सकरा थाना क्षेत्र के सरैया गांव स्थित राजकीय मध्य विद्यालय सरैया का बताया जा रहा है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, नवरात्रि समापन और दशहरा के मौके पर विद्यालय परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। अभिभावकों और शिक्षकों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम शिक्षा के मूल उद्देश्यों से भटकाव है और बच्चों के लिए गलत संदेश भेजते हैं। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि जो भी लोग इस घटना में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में इस तरह की घटना किसी भी स्कूल में दोबारा न हो।