सकरा थाना क्षेत्र में स्कूल बना चोरों का निशाना
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ चोरों ने अब सरकारी स्कूलों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला सकरा थाना क्षेत्र के गन्नीपुर बेजा पंचायत अंतर्गत बसंतपुर गांव स्थित प्राथमिक उर्दू विद्यालय का है, जहां चोरों ने स्कूल के मुख्य गेट सहित सभी कमरों का ताला काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी सुबह करीब 9 बजे स्थानीय ग्रामीणों को तब हुई, जब उन्होंने स्कूल परिसर में ताले टूटे हुए देखे। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना स्कूल के शिक्षक और प्रधानाचार्य को दी। सूचना मिलने पर जब शिक्षक और प्रधानाचार्य स्कूल पहुंचे तो नजारा देखकर हैरान रह गए। स्कूल के मुख्य गेट के साथ-साथ सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों को भी तोड़ दिया था और सारा सामान बाहर बिखरा पड़ा था।
ये भी पढ़ें- Bihar Weather: बिहार में तीन दिन बाद और बढ़ेगी ठंड; आज कैमूर समेत कई जिलों में घना कोहरा, ट्रेनें भी लेट
चोर स्कूल से लैपटॉप, प्रिंटर सहित कई अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री चुरा ले गए। स्कूल के शिक्षक मोहम्मद नयाज अहमद ने बताया कि सुबह स्कूल पहुंचने पर चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि चोरों का खौफ इतना बढ़ गया है कि अब स्कूल भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करे।
वहीं प्राथमिक उर्दू विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी बताया कि चोरी की पूरी जानकारी पुलिस को दे दी गई है और अब आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जानी है। इस संबंध में सकरा थाना प्रभारी सुखविंदर ने बताया कि स्कूल में चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कई सामग्री के चोरी होने की बात सामने आई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।