बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रोफेसर राम कुमार सिंह को एक छात्र का गला दबाते और धक्का देते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान पीड़ित छात्र रोते हुए कह रहा था— “सर, आप मार दीजिए, लेकिन परीक्षा ले लीजिए।” वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और परीक्षा नियंत्रक के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आम लोग भी सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
दरअसल, पीजी सत्र 2023–2025 के एक छात्र, मुकेश कुमार शर्मा (आरएलएसवाई कॉलेज, बेतिया) ने परीक्षा नियंत्रक से चौथे सेमेस्टर की परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग की थी। छात्र का कहना था कि परीक्षा समय पर न होने की वजह से वे लोग इस बार राज्य स्तरीय परीक्षा का फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन बार-बार टालमटोल कर रहा है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिहार में नाव हादसा, नदी में पलटी 14 लोगों से भरी नाव, एक महिला की मौत; चार लापता
शिकायत सुनने के बाद परीक्षा नियंत्रक गुस्से में आ गए और छात्र को बाहर जाने को कहा। इसी बीच वे आपा खो बैठे और छात्र का गला पकड़कर धक्का देते हुए बाहर निकाल दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग विश्वविद्यालय प्रशासन और परीक्षा नियंत्रक के व्यवहार को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।