सार
मुजफ्फरपुर में 18 वर्षीय राजू कुमार मांझी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने प्रेम प्रसंग में मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि एक फरार है। मामले की जांच जारी है।
मुजफ्फरपुर जिले में एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय राजू कुमार मांझी के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों ने प्रेम प्रसंग में मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को रखकर हंगामा किया। मृतक के भाई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि राजू शहर में एक मेस में काम करता था और कमाई से परिवार का भरण-पोषण करता था। उनका आरोप है कि पास की रहने वाली एक लड़की से संबंध को लेकर विरोध हुआ, जिसके दौरान धक्का-मुक्की में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पढ़ें: बक्सर व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर कराया गया खाली
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। मामले में दो आरोपियों संतोष कुमार और कबूतरी देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। इस संबंध में बिनीता सिन्हा, एसडीपीओ टाउन-2 ने बताया कि परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।