शराब धंधेबाज महिला फैक्टरी उद्भेदन
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र स्थित सिमरी फकीरा गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने एक अवैध शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। यहां एक महिला अपने पति की गैरमौजूदगी में घर में ही अवैध तरीके से शराब बनाकर इलाके में सप्लाई कर रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्ची स्प्रिट, तैयार शराब, खाली बोतलें, रैपर, स्टिकर और अन्य सामान बरामद किया गया है। हालांकि छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी महिला रितु देवी मौके से फरार हो गई। उसके साथ इस धंधे में जुड़े दिलीप कुमार साह और मणिशंकर राय भी फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सिमरी फकीरा गांव निवासी रामरतन राय बाहर राज्य में रहकर काम करता है। उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसकी पत्नी रितु देवी ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर घर में ही अवैध शराब बनाने का काम शुरू कर दिया था।
पढ़ें: 'लालू राज में गरीब-वंचितों के घरों से मुर्गा-बकरी तक चोरी हो जाती थी', मंत्री प्रेम कुमार का तंज
टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हथौड़ी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब निर्माण और सप्लाई हो रही है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान घर से जहरीली शराब के साथ निर्माण में इस्तेमाल हो रहे खतरनाक केमिकल और कच्ची स्प्रिट भी बरामद की गई।
इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि यह जहरीली शराब लोगों की जान तक ले सकती थी। इसलिए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर भारी मात्रा में अवैध शराब को जब्त किया गया है। फरार महिला और उसके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।