होली पर्व से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब बरामद की है। यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस ने एक ट्रक और तीन पिकअप वैन जब्त की हैं। जब्त शराब की कीमत 70 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
विशेष अभियान में बड़ी सफलता
प्याज और भूसे की आड़ में छिपाई गई थी शराब
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब माफिया ट्रक से माल उतारने की तैयारी में थे। ट्रक के अंदर प्याज की बोरियों के नीचे अवैध शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खेप जब्त कर ली। शराब को अनलोड करने के लिए मंगाई गई तीन पिकअप वैन भी जब्त की गई हैं।
वहीं, मनियारी थाना क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए धान के भूसे से लदी एक पिकअप से 1225 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बताया जा रहा है कि यह खेप ग्रामीण रास्ते से वैशाली ले जाई जा रही थी। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे वाहन समेत पकड़ लिया। होली को देखते हुए जिले में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
चार हजार लीटर शराब बरामद
एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा ने बताया कि होली पर्व को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर पटियासा के पास बसवारी इलाके से एक ट्रक और तीन पिकअप वैन के साथ लगभग चार हजार लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में अहियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद
अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद