बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब गोली लगने से दुल्हन के मामा की मौत हो गई। मृतक अपनी भांजी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
करजा थाना क्षेत्र के भटौना गांव की घटना
घटना जिले के करजा थाना क्षेत्र के भटौना वार्ड संख्या-2 की है। यहां भटौना गांव निवासी नीतीश सहनी की पुत्री की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रंजीत सहनी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर मौके पर पहुंचे।
शादी समारोह के दौरान मारी गोली
मृतक के परिजनों ने बताया कि देर रात बारात घर पहुंच चुकी थी। परिवार के सदस्य शादी की रस्मों और मेहमानों के स्वागत में व्यस्त थे। इसी दौरान मुसहरी थाना क्षेत्र के तारौरा गांव निवासी रंजीत सहनी भी शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
परिजनों के अनुसार, इसी बीच कुछ अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और रंजीत सहनी को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
गोली चलने के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल रंजीत सहनी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मौके से बरामद हुआ खोखा
घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: Bikaner News: प्रसूता की मौत के मामले में खत्म हुआ गतिरोध, समझौते के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम की सहमति दी
एफएसएल टीम बुलाई गई, सभी बिंदुओं पर जांच
सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि शादी समारोह में शामिल होने आए एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हुई है। गोली कैसे लगी, यह हर्ष फायरिंग का मामला है या सुनियोजित हत्या, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रंजीत सहनी को सोई हुई अवस्था में गोली मारी गई थी।
पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। साथ ही पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। फिलहाल इस वारदात के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं और पूरे गांव में शोक का माहौल है।