मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार देर रात पंचायत प्रतिनिधि के परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। मीनापुर प्रखंड के पानापुर ओपी क्षेत्र स्थित बड़ा भारती पंचायत के मुखिया के पुत्र को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब वह मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान बड़ा भारती पंचायत के मुखिया लालबच्चन सहनी के पुत्र सुजीत कुमार सहनी के रूप में हुई है। घटना रघई घाट के पास हुई, जहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गोली चला दी। गोली उनके बाएं हाथ की बांह में लगी, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल ने सुनाई आपबीती
अस्पताल में इलाजरत सुजीत कुमार सहनी ने बताया कि वह शनिवार रात मेला देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर उन पर हथियार तान दिया। उन्होंने बचने की कोशिश की, तभी चली गोली उनके बाएं हाथ की बांह में जा लगी। घायल का आरोप है कि हमलावरों ने जाते-जाते कहा कि 'तुम गरीब हो, फिर चुनाव कैसे जीत जाते हो?' इस बयान के बाद मामले को चुनावी रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
ये भी पढ़ें-
ई-रिक्शा चलाने वाले के बैंक खाते में 7 अरब रुपये! किसने बनाया ऐसा दौलतमंद, आज पता करेगा CBI
पुलिस कर रही सभी पहलुओं से जांच
मुजफ्फरपुर पूर्वी-1 के एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि मामले में पूर्व मुखिया उमाशंकर सहनी सहित अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। एसडीपीओ ने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है।