मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के लालू छपरा सड़क पर तेज रफ्तार बस और एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा एसएच-74 पटना-बेतिया मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिल्ली नंबर की कार बुरी तरह टूट गई और कार में फंसे दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए। टक्कर के बाद बस का चालक मौके से भागने में सफल रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। इस हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar : बिहार को मछली उत्पादन में नंबर-1 बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने किया मत्स्य विकास भवन का निरीक्षण
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया और फिर यातायात शुरू करवाया। इस घटना में घायल और मृत लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है, जबकि बस चालक फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रभारी थानेदार ने अपने बयान में कही ये बात
मामले की पुष्टि करते हुए पारू के प्रभारी थानेदार आलोक कुमार यादव ने बताया कि इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों में दो की हालत गंभीर है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।